
आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक समेत शैक्षणिक-अशैक्षणिक पदों पर होगी भर्ती; सबसे ज्यादा 590 सहायक शिक्षक पद
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। शिक्षा विभाग के लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए 1812 रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। इनमें व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक सहित शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पद शामिल हैं। डीपीआई की ओर से जारी संक्षिप्त विज्ञापन के अनुसार सितंबर में विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया जाएगा, जबकि अक्टूबर में लिखित परीक्षा आयोजित किए जाने की तैयारी है। भर्ती प्रक्रिया में CBT यानी कंप्यूटर आधारित परीक्षा के जरिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
590 सहायक शिक्षक पद
जारी पदों में सबसे अधिक 590 पद सहायक शिक्षक के हैं। इसके अलावा अंग्रेजी और वाणिज्य सहित विभिन्न विषयों के शिक्षकों तथा व्याख्याताओं के पद भी शामिल हैं।
अब अंकों के आधार पर नहीं, परीक्षा से चयन
आत्मानंद स्कूलों में भर्ती प्रक्रिया में अहम बदलाव किया गया है। अब केवल अंकों के आधार पर नियुक्ति नहीं होगी, बल्कि लिखित परीक्षा के माध्यम से चयन किया जाएगा। विस्तृत विज्ञापन जारी होने के बाद पदवार संख्या, विषयवार रिक्तियां, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी स्पष्ट होगी। फिलहाल 1812 पदों की भर्ती और अक्टूबर में CBT परीक्षा की जानकारी से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह है।