बालोद में एसिड अटैक के आरोपियों पर भड़का आक्रोश, कोर्ट ले जाते समय छात्रों ने फेंकी स्याही और जला ऑयल-मुंडन कर पुलिस ने निकाला जुलूस

कोर्ट के बाहर छात्रों ने किया प्रदर्शन; आरोपियों को हेलमेट पहनाकर कड़ी सुरक्षा में ले जाया गया

बालोद। जिले में सामने आए एसिड अटैक के मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। 6 अक्टूबर को पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था, इसी दौरान कोर्ट के रास्ते में मौजूद लोगों और छात्रों ने जमकर विरोध किया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों आरोपियों का मुंडन कराया और उन्हें सुरक्षा घेरे में कोर्ट तक ले जाया गया।

आरोपियों को देखते ही छात्रों ने फेंकी स्याही और जला ऑयल

कोर्ट पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और लोग मौके पर मौजूद थे। आरोपियों को देखते ही भीड़ में आक्रोश भड़क गया। कुछ छात्रों ने आरोपियों पर स्याही और जला ऑयल फेंक दिया। वहीं कुछ लोग आरोपियों के साथ मारपीट करने के लिए भी आगे बढ़ते नजर आए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस जवानों ने तत्काल सुरक्षा घेरा बनाकर दोनों आरोपियों को भीड़ से अलग किया और कोर्ट परिसर के भीतर पहुंचाया।

कोर्ट के बाहर छात्रों का प्रदर्शन, फांसी की मांग

आरोपियों की कोर्ट में पेशी के दौरान बड़ी संख्या में छात्र कोर्ट परिसर के बाहर जुटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए आरोपियों को फांसी देने की मांग की और नारेबाजी की। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया।

कोर्ट से निकलते समय आरोपियों को पहनाया हेलमेट

कोर्ट की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकाला। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को हेलमेट पहनाया और सुरक्षा घेरे में वहां से रवाना किया। पुलिस की सतर्कता के चलते दोनों आरोपियों को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकाला जा सका। एसिड अटैक की घटना को लेकर बालोद में लोगों के बीच नाराजगी बनी हुई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और न्यायालय की आगामी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *