बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता वर्ष 2026-27 का आगाज आज 7 अक्टूबर से होने जा रहा है। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आज सुबह 10:30 बजे स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र, बहतराई में होगा। छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। आयोजन को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग और जिला शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश के पांचों संभागों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी और ऑफिशियल्स बिलासपुर पहुंच रहे हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन और खेल मैदानों सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
पांच संभागों से 571 खिलाड़ी और ऑफिशियल्स
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग से कुल 571 खिलाड़ी एवं ऑफिशियल्स हिस्सा लेंगे। इनमें 303 छात्र खिलाड़ी, 193 छात्रा खिलाड़ी और 75 ऑफिशियल्स शामिल हैं। संभागवार आंकड़ों के अनुसार बस्तर संभाग से 131, बिलासपुर से 116, रायपुर से 113, सरगुजा से 109 तथा दुर्ग संभाग से 102 खिलाड़ी एवं ऑफिशियल्स प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी में मुकाबला
चार दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी के मुकाबले होंगे। तीरंदाजी में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हॉकी में 19 वर्ष बालक एवं बालिका वर्ग तथा कबड्डी में 19 वर्ष बालक वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। सभी खेलों के लिए बहतराई स्थित स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कबड्डी के मुकाबले इंडोर स्टेडियम, तीरंदाजी के मुकाबले तीरंदाजी मैदान और हॉकी के मुकाबले एस्ट्रोटर्फ मैदान पर होंगे।
खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स के लिए बहतराई खेल परिसर तथा लोयला स्कूल, राजकिशोर नगर में ठहरने की व्यवस्था की गई है। आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवास, भोजन, परिवहन और खेल मैदानों से संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके अलावा महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
खेल प्रेमियों से पहुंचने की अपील
स्कूल शिक्षा विभाग बिलासपुर ने जिले के खेल प्रेमियों और नागरिकों से प्रतियोगिता में पहुंचकर प्रदेशभर से आए स्कूली खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। राज्य स्तरीय मंच पर विभिन्न खेलों में युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।