ब्रेकिंग: शिक्षकों के लिए विभागीय TET पर सरकार राजी, सेवा सुरक्षा का आश्वासन;शिक्षा मंत्री के साथ शिक्षक संगठनों की बैठक में बनी सहमति

विभागीय TET की प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश; वित्तीय मांगों पर वित्त मंत्री से होगी चर्चा-प्रमोशन में TET पर फैसला बाकी

रायपुर, 26 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में TET को लेकर आंदोलनरत शिक्षकों के लिए बुधवार को बड़ी राहत की खबर सामने आई। शिक्षक संगठनों के साथ शिक्षा मंत्री की बैठक में विभागीय TET आयोजित कराने पर सरकार ने सहमति जताई है। सरकार की ओर से शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को लेकर भी आश्वासन दिया गया है। शिक्षा मंत्री के साथ हुई बैठक में TET सहित शिक्षकों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सरकार ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित योग्यता संबंधी प्रावधानों के दायरे में शिक्षकों को लाने के लिए विभागीय परीक्षा आयोजित कराने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।

विभागीय TET की प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश

बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को विभागीय TET के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश दिए। सरकार की ओर से कहा गया कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षित रखने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। विभागीय TET सामान्य TET से अलग शिक्षा विभाग के स्तर पर आयोजित किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, परीक्षा की तारीख, पाठ्यक्रम और पात्रता सहित विस्तृत प्रक्रिया अभी तय नहीं हुई है।

प्रमोशन में TET की अनिवार्यता पर फैसला बाकी

बैठक में पदोन्नति में TET की अनिवार्यता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि मामले में विधि विभाग से राय लेना आवश्यक है। विधि विभाग से चर्चा के बाद ही इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल प्रमोशन में TET अनिवार्यता को लेकर सरकार की ओर से कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

वित्तीय मांगों पर वित्त मंत्री से होगी चर्चा

शिक्षकों की विभिन्न वित्तीय मांगों पर भी बैठक में चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने इन मांगों को लेकर जल्द ही वित्त मंत्री से चर्चा करने का आश्वासन दिया। शिक्षक संगठनों से भी अपनी वित्तीय मांगों को वित्त मंत्री के समक्ष रखने को कहा गया। करीब 20 से 25 मिनट चली बैठक में शिक्षक संगठनों ने अपनी प्रमुख मांगें शिक्षा मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने मांगों पर चर्चा करते हुए शिक्षकों के हित में सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने बताया सकारात्मक पहल

बैठक के बाद शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय संचालक केदार जैन, वीरेंद्र दुबे और संजय शर्मा ने सरकार के रुख को TET प्रभावित शिक्षकों के लिए सकारात्मक बताया। शिक्षक नेताओं ने कहा कि विभागीय TET को लेकर सरकार की सहमति महत्वपूर्ण कदम है। अब संगठन चाहता है कि आश्वासन को जल्द अमलीजामा पहनाते हुए विभागीय TET की प्रक्रिया शुरू की जाए और शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

अब सरकार के अगले कदम पर नजर

शिक्षा मंत्री की ओर से विभागीय TET कराने की सहमति को शिक्षक आंदोलन के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि अभी परीक्षा की तारीख, पाठ्यक्रम, पात्रता और विस्तृत प्रक्रिया सामने नहीं आई है। अब शिक्षक संगठनों की नजर शिक्षा विभाग की आगामी कार्रवाई पर है। संगठनों का कहना है कि विभागीय TET की प्रक्रिया जल्द शुरू होने से प्रभावित शिक्षकों को बड़ी राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *