मरीन ड्राइव पर दीये बेच रही मीरा के पास पहुंचे CM साय: 1 हजार रुपए देकर खरीदा दीया, पूछा- सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा?

रायपुर। तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही मीरा के लिए मंगलवार का दिन यादगार बन गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अचानक उसके पसरे पर पहुंचे और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए वहीं से मिट्टी का दीया खरीदा। मुख्यमंत्री ने दीये की कीमत के साथ मीरा को 1 हजार रुपए भी दिए और उसके कामकाज तथा परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के मीरा से बातचीत की। उन्होंने पूछा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उसे मिल रहा है या नहीं। मीरा ने बताया कि उसका प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाता है और उसे महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1 हजार रुपए मिल रहे हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ जरूरतमंद लोगों तक सीधे पहुंचे और इससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

मीरा का दीया बनेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

मुख्यमंत्री साय ने मीरा से खरीदा मिट्टी का दीया अब ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का हिस्सा बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीपक केवल रोशनी का साधन नहीं है, बल्कि यह आशा, सकारात्मकता और संकल्प का प्रतीक भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर अपनी क्षमता के अनुसार जनसेवा का संकल्प लेने की अपील की।

स्थानीय कारीगरों से सामान खरीदने की अपील

मुख्यमंत्री ने स्थानीय कुम्हारों, शिल्पकारों, छोटे दुकानदारों और घर से स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे सामान बेचने वाले छोटे विक्रेता और स्थानीय कारीगर आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की ताकत हैं। उनसे सामान खरीदना केवल खरीदारी नहीं, बल्कि उनके श्रम और आजीविका को समर्थन देना भी है। साय ने कहा कि सेवा का कोई काम छोटा नहीं होता। जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना, स्वच्छता अभियान में भाग लेना, पौधरोपण करना या किसी स्थानीय कारीगर से सामान खरीदना भी जनसेवा का हिस्सा हो सकता है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करना है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन जैसे कार्यों के जरिए लोग इस अभियान से जुड़ सकते हैं। मरीन ड्राइव पर मीरा से हुई मुख्यमंत्री की यह मुलाकात इसी जनभागीदारी और स्थानीय मेहनतकश लोगों को प्रोत्साहित करने के संदेश के रूप में सामने आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *