
रायपुर। बीरगांव के बुधवारी बाजार परिसर में 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा पूजा, किसान-मजदूर सम्मेलन और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू समेत प्रदेश के मंत्री, सांसद और विधायक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य खेती, मजदूरी, पारंपरिक व्यवसाय, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के योगदान को सम्मान देना है।
किसान-मजदूरों समेत कई वर्गों का सम्मान
सम्मान समारोह में प्रगतिशील किसानों के साथ औद्योगिक और निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा डॉक्टर, नर्स, शिक्षक, सफाई कर्मचारी, गौ-सेवक और दाइयों को भी सम्मान मिलेगा। पारंपरिक काम और स्थानीय व्यवसाय से जुड़े कुम्हार, मूर्तिकार, नाई तथा मड़ई और छेरछेरा समितियों से जुड़े लोगों को भी सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे।
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को भी सम्मान
कार्यक्रम में खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े बच्चों और आयोजकों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। खो-खो, कबड्डी, फुगड़ी और सुआ नृत्य से जुड़े प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही गणेश उत्सव और दुर्गा उत्सव समितियों में सांस्कृतिक झांकी और सजावट के जरिए योगदान देने वालों को भी सम्मान पत्र दिए जाएंगे।
सुबह 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन स्थल पर सुबह 11 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शुरू होंगी। भगवान विश्वकर्मा पूजा के साथ किसान-मजदूर सम्मेलन और सम्मान समारोह के जरिए विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को मंच से सम्मानित किया जाएगा।
किसान मोर्चा ने की शामिल होने की अपील
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन के माध्यम से क्षेत्र के किसानों, मजदूरों, पारंपरिक कारीगरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है। किसान मोर्चा ने क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।