
जामगांव आर। मानस शक्ति केंद्र बेल्हारी के तत्वावधान में ग्राम बेल्हारी में रविवार को संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुत्ता मानस परिवार किकीरमेटा द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। इसके बाद महाश्वेता महिला मानस मंडली औंरी एवं जय शीतला महिला मानस मंडली धमना ने संगीतमय मानस पाठ और राम भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित मानस प्रेमी भावविभोर हो गए।मानस संघ के पदाधिकारियों एवं आमंत्रित अतिथियों ने बेल्हारी स्थित युग तुलसी स्मारक में माल्यार्पण कर गोस्वामी तुलसीदास जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सेजेस सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में जिला मानस संघ के पूर्व अध्यक्ष नीलकंठ ठाकुर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि रामायण हमें प्रणाम, विनम्रता, संयम और मर्यादा का संदेश देती है। प्रणाम करने से व्यक्ति का अहंकार दूर होता है। अभिमान का केंद्र सिर है, जबकि प्रणाम हमें झुकना और विनम्र होना सिखाता है। जो व्यक्ति प्रणाम करना नहीं सीखता, उसके जीवन में अभिमान का प्रवेश स्वाभाविक है,उन्होंने कहा कि अभिमान को दूर करने के लिए प्रणाम की आवश्यकता है। हमें एक-दूसरे का सम्मान करते हुए प्रणाम करना चाहिए और माता-पिता की सेवा करनी चाहिए। जीवन में नियम, संयम और मर्यादा का पालन जरूरी है। रामायण के सन्देश का अनुसरण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है रामचरितमानस की प्रत्येक चौपाई में भगवान राम का संदेश और जीवन दर्शन समाहित है।
• लाल कपड़े में लपेटकर रखने के बजाय रामचरितमानस को पढ़ें और समझें : मनीष चंद्राकर
उपसरपंच मनीष चंद्राकर ने कहा कि रामचरितमानस और भगवान राम के प्रति जनमानस में अगाध श्रद्धा है। निज और समाज जीवन में धर्म का पालन करना भी रामकाज का ही हिस्सा है। ग्रन्थ को लाल कपड़े में लपेटकर घर में रखने के बजाय उसे खुद पढ़े औरों को पढ़ाएं और समझें तो ही स्वाध्याय का लाभ मिलेगा। तहसील मानस संघ के अध्यक्ष टीकाराम साहू ने कहा कि मानस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तहसील मानस संघ के सभी शक्ति केंद्र पूरी सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। भगवत कृपा से तहसील एवं शक्ति केंद्रों के प्रत्येक आयोजन सफल और सार्थक हो रहे हैं। तहसील प्रवक्ता डॉ. गुलाब साहू ने मानस मंडलियों के पंजीयन के लिए शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मानस दर्शन जीवन अर्पण के संरक्षक के.के. सिन्हा एवं समाजसेवी हलधर महमल्ला भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम के अंत में मानस शक्ति केंद्र बेल्हारी के अध्यक्ष भेल चंद्राकर ने सभी पदाधिकारियों, अतिथियों एवं मानस प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश वारधे, पं. उमाशंकर शुक्ला एवं उत्तम रिगरी ने किया। इस अवसर पर नेवेन्द्र प्रजापति,कोमल साहू,योगेश निर्मलकर,भूपत साहू,कमल किशोर चंद्राकर,चन्द्रकला साहू,विष्णु साहू, तुकाराम निषाद,एमन पाटकर,पवन चक्रधारी,झामनलाल,सोनवानी,जागेंद्र प्रजापति, गोविंदा कौशिक,ढाल सिंह चक्रधारी, विष्णु चक्रधारी,नन्दलाल धीवर,संजू साहू,मिलाप साहू,गोपालमणि वर्मा,हेमलता ठाकुर,पूर्णिमा महतो,शारदा कौशिक,गैंदलाल पटेल, चित्ररेखा ठाकुर रमेश साहू,अभिषेक सेन,खिलावन प्रजापति,बाबूलाल साहू,सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।