रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की 31वीं किस्त, पदमनी ने कहा—‘विष्णु भैया का मिला प्यार’

67.28 लाख महिलाओं के खातों में 631 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित, एमसीबी की पदमनी ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

रायपुर, 27 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त मिलने से प्रदेश की महिलाओं में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मातृशक्ति सम्मान समारोह-2026 में प्रदेश की 67.28 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम नागपुर निवासी पदमनी वैष्णव भी महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त मिलने से बेहद खुश हैं। उन्होंने रक्षाबंधन से पहले खाते में एक हजार रुपये की राशि पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। पदमनी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व है। त्योहार से पहले आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें राखी, मिठाई और फल खरीदने में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग वह रक्षाबंधन की तैयारियों में करेंगी और परिवार के साथ खुशी से त्योहार मनाएंगी।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है। इससे उन्हें अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए परिवार पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ता। त्योहार के अवसर पर मिली राशि आर्थिक सहयोग के साथ उनके लिए खुशी और आत्मविश्वास का माध्यम भी बनी है। पदमनी वैष्णव ने 31वीं किस्त की राशि समय पर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से प्रदेश की बहनों के त्योहार की खुशियां और बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *