जामगांव आर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 28 सितंबर 2026 को आयोजित नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम चारभाठा निवासी छबीलाल निषाद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। देशभर से लगभग 2500 प्रतिभागियों की मौजूदगी वाले इस बड़े मंच पर छबील के शानदार प्रदर्शन ने क्षेत्र और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। छबीलाल निषाद ने मास्टर मस्कल नेचुरल वर्ग में अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने निरंतर अभ्यास और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
उल्लेखनीय है छबीलाल निषाद के पिता उदय राम निषाद और माता सरिता बाई निषाद मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। साधारण आर्थिक परिस्थितियों से निकलकर छबील ने राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। छबीलाल निषाद ग्राम पंचायत सरपंच माधुरी नरोत्तम निषाद के भतीजे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।