पद्मश्री डॉ. राधेश्याम बारले को कला संरक्षण-संवर्धन सम्मान, पुनेश्वर साहू को मिला वर्ष 2026 का श्रेष्ठ संचालक सम्मान
रायपुर। मानस दर्शन जीवन अर्पण छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में मानस ब्रह्म गर्भ मां कौशल्या धाम चंदखुरी में भव्य रामायण मेला एवं अलंकरण सम्मान समारोह 2026 का आयोजन सम्पन्न हुआ। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संतों के सान्निध्य में आयोजित इस समारोह से मां कौशल्या की नगरी चंदखुरी धर्म, मानस और लोककला के रंग में सराबोर नजर आई। आयोजन में कला एवं मानस जगत से जुड़े साधकों, कलाकारों, मंडलियों तथा विभिन्न मानस संघों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में संत श्री नारायण महाराज, दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर पं. राजीव लोचन महाराज, स्वामी श्री मज्ज्योतिर्मयानंद सरस्वती महाराज, सपाद लक्षेश्वर धाम सलधा के पं. गोवर्धन शरण महाराज, सिरकट्टी आश्रम तथा लाडली रुचिता तिवारी बिलासपुर का सान्निध्य प्राप्त हुआ।
समारोह में ऑनलाइन उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली विभिन्न मानस मंडलियों की सांगीतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। मुसरा, तुमाकला, भिंभौरी, गनियारी, बागबाहरा, आलेखुटा, सिवनी, अभनपुर, पचपेड़ी, छुईहा, बिलासपुर, बेमेतरा, बंदौरा और खैरझिटी राजिम सहित कुल 14 मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में पूर्व शिक्षा मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पं. अर्जुन पुरी गोस्वामी, श्री जगदीश देशमुख, श्री मुन्नालाल देवदास, श्री दिलीप सिंह ठाकुर, श्री देवलाल सिन्हा, श्री मोहन वैष्णव, श्री शीतल साहू, श्री मेहत्तर वर्मा, श्री टीकाराम साहू, श्री किंकर शिष्य परिषद सहित मानस जगत से जुड़े अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि मानस दर्शन जीवन अर्पण संस्था विगत 11 वर्षों से मानस एवं संगीत साधकों को मंच और पहचान प्रदान करने का कार्य कर रही है। संस्था के संस्थापक दीपक गुहा ने मंदिर ट्रस्ट समिति, संतों, मानस साधकों, कलाकारों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगामी मानस मंथन 7.0 का आयोजन जिला दुर्ग में करने की घोषणा की। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट समिति की ओर से दीपक गुहा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में मानस दर्शन के विभिन्न प्रकल्पों के प्रभारी एवं केंद्रीय संयोजक मंडल के सदस्यों सहित मंदिर ट्रस्ट समिति के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
• लोककला और समाजसेवा से जुड़े 10 विभूतियों का हुआ अलंकरण
ऐतिहासिक मानस मंथन 6.0 की परिकल्पना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कला संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री डॉ. राधेश्याम बारले को कला संरक्षण एवं संवर्धन सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं धमतरी के कोदूराम चंद्राकर को तुलसी रत्न सम्मान प्रदान किया गया। छत्तीसगढ़ लोककला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए बिलासपुर के रामनारायण ध्रुव, टोनाटार के रोमित ध्रुव तथा राजनांदगांव के महादेव हिरवानी को कला रत्न से सम्मानित किया गया। बेमेतरा के विष्णु साहू को रामदूत सम्मान, दुर्ग के युवा स्वर पुनेश्वर साहू को वर्ष 2026 का श्रेष्ठ मंच संचालक सम्मान, रणजीतपुर कवर्धा की रजनी रामेश्वर साहू को आदर्श अभिभावक अलंकरण तथा हेमलता साहू को आदर्श मातृशक्ति अलंकरण प्रदान किया गया। माखन साहू बेमेतरा एवं प्रतिभा साहू कांकेर को उत्कृष्ट संयोजक सम्मान दिया गया। बेमेतरा जिला मानस संघ के अध्यक्ष देवलाल सिन्हा को अर्पण सम्मान से विभूषित किया गया।