DPI की सख्ती: स्कूलों की जानकारी नहीं भेजने वाले DEO को कारण बताओ नोटिस, तीन दिन में देना होगा जवाब

भवनविहीन और मरम्मत योग्य शालाओं की जानकारी समय-सीमा में नहीं देने पर लोक शिक्षण संचालनालय ने जताई नाराजगी

रायपुर,30 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के लोक शिक्षण संचालनालय ने भवनविहीन एवं मरम्मत योग्य शालाओं की जानकारी निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध नहीं कराने वाले जिला शिक्षा अधिकारियों के खिलाफ सख्ती दिखाई है। संचालनालय ने बलौदाबाजार को छोड़कर राज्य के समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। संबंधित अधिकारियों से तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।

जानकारी के अनुसार लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा पत्र क्रमांक 448, दिनांक 7 सितंबर 2026 के माध्यम से सभी जिला कार्यालयों को अपने-अपने जिले में भवनविहीन एवं मरम्मत योग्य शालाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए एक सप्ताह की समय-सीमा निर्धारित की गई थी। निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी अधिकांश जिला कार्यालयों से अपेक्षित जानकारी संचालनालय को प्राप्त नहीं हुई। इस स्थिति पर संचालनालय ने नाराजगी जताते हुए संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक बलौदाबाजार और बलरामपुर जिला कार्यालयों ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की है। बलरामपुर से केवल भवनविहीन शालाओं की जानकारी उपलब्ध कराए जाने का उल्लेख किया गया है। संचालनालय की इस कार्रवाई के बाद अब संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित तीन दिनों के भीतर जवाब देना होगा। जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *