चक्रवात ‘अर्नब’ से फसल नुकसान पर किसानों को मिलेगा मुआवजा, विधायक ललित चंद्राकर बोले– प्रभावित अन्नदाताओं के साथ खड़ी है सरकार

चक्रवात ‘अर्नब’ से फसल नुकसान पर किसानों को मिलेगा मुआवजा, विधायक ललित चंद्राकर बोले– प्रभावित अन्नदाताओं के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री के निर्देश पर फसल क्षति का होगा तत्काल सर्वेक्षण, आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी सहायता राशि; किसानों से टोल फ्री नंबर 14447 पर नुकसान दर्ज कराने की अपील

दुर्ग। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को लेकर सरकार ने राहत की पहल शुरू की है। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में सरकार प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक चंद्राकर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों एवं निर्धारित मानदंडों के अनुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन को प्राथमिकता के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की मेहनत और फसल को हुए नुकसान को सरकार ने गंभीरता से लिया है। डबल इंजन की सरकार प्रत्येक प्रभावित किसान के साथ मजबूती से खड़ी है। राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं फसल नुकसान की जानकारी

विधायक ललित चंद्राकर ने क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि चक्रवात के कारण जिन किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, वे घबराएं नहीं और समय रहते इसकी जानकारी शासन तक पहुंचाएं। किसान शासन के टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा अपने नजदीकी पटवारी, कृषि विभाग कार्यालय, जनपद पंचायत अथवा तहसील कार्यालय में भी फसल क्षति की जानकारी दर्ज करा सकते हैं, ताकि सर्वेक्षण में उनका नाम शामिल हो सके और नियमानुसार समय पर सहायता राशि मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *