
रायपुर। सरगुजा के शिवपुर स्थित कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्राओं के करीब 30 किलोमीटर पैदल कलेक्टोरेट पहुंचने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री के कड़े रुख के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए संयुक्त कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित की है। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव को पद से हटाकर आगामी आदेश तक सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में संलग्न किया गया है। वहीं शिक्षक प्रतीक्षा त्रिपाठी को प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी दी गई है।
अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस
छात्रावास अधीक्षक आयुषी सोनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर शासकीय कार्य में कथित लापरवाही और उदासीनता पर जवाब मांगा गया है। इसके अलावा शिक्षक अरविंद अशोक तिग्गा को उनकी मूल संस्था मैनपाट के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।
वेतन भुगतान पर भी निगरानी
प्रशासन ने विद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों के वेतन भुगतान की व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। अब कलेक्टर और जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन के बाद ही वेतन भुगतान किया जाएगा।
छात्राओं की शिकायतों की होगी जांच
छात्राओं ने बिजली, पढ़ाई, शिक्षकों की उपलब्धता, मेस और साफ-सफाई सहित कई समस्याएं सामने रखी थीं। इन शिकायतों के बीच उनका पैदल कलेक्टोरेट पहुंचना स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर गया। अब जांच समिति पूरे घटनाक्रम के साथ छात्राओं की शिकायतों और विद्यालय प्रबंधन की भूमिका की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।