
भिलाई। सेक्टर-5 स्थित पंजाबी पैलेस में पंचशील पंजाबी एसोसिएशन द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम पंचशील पंजाबी एसोसिएशन के संयोजक अजय भसीन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सांसद विजय बघेल का शाल-श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयोजक अजय भसीन ने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सभी को मिलकर जनहित के सकारात्मक प्रयासों को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने समाजजनों से सांसद विजय बघेल को समर्थन देने और जनहित के कार्यों में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का आग्रह किया। मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने पंचशील पंजाबी एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकता, सेवा और सामाजिक सहभागिता को आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष कैलाश मल्होत्रा, महासचिव जितेन्द्र उपल, नरेश खोसला, राम ओबेराय, दीपक भाटिया, गुलशन अरोरा, अरुण ग्रोवर, उमेश ग्रोवर, महेंद्र मिनोचा, राकेश मल्होत्रा, भूषण अदलखा, नवीन कौरा, राकेश ढोढ़ी, प्रतीक चोपड़ा, अनुज नारद, नयन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे। जन्माष्टमी महोत्सव में समाजजनों ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उत्सव के साथ सहभागिता की।