
दुर्ग। बोलेरो पिकअप के सीक्रेट चेंबर से जब्त 4 करोड़ रुपए वापस पाने के लिए कारोबारी कमलेश आर. शाह को कोर्ट से राहत नहीं मिली। कारोबारी ने रकम पर अपना दावा करते हुए कहा था कि उनकी फर्म के बैंक खातों और नकदी में 53 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि है। फर्म नियमित रूप से टैक्स भी जमा करती है। इसके बावजूद न्यायालय ने रकम लौटाने की मांग खारिज कर दी। शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अंजली सिंह की अदालत ने कारोबारी की ओर से लगाए गए दोनों आवेदन निरस्त कर दिए। कोर्ट ने कहा कि जब्त रकम को लेकर आयकर विभाग की जांच जारी है। जांच पूरी होने तक इसे कारोबारी को वापस नहीं किया जा सकता। अदालत ने रकम किसी दूसरे विभाग को ट्रांसफर नहीं करने की मांग भी स्वीकार नहीं की।
पिकअप के सीक्रेट चेंबर से मिले थे 4 करोड़ रुपए
पूरा मामला 25 अक्टूबर की रात का है। खुर्सीपार पुलिस को सूचना मिली थी कि रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग से भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (CG 04 QU 5996) को रोका। वाहन रायपुर से नागपुर जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस को पिकअप का पिछला हिस्सा सामान्य से अलग और बंद मिला। बारीकी से तलाशी लेने पर उसमें सीक्रेट चेंबर मिला। इसे खोलने पर 500, 200 और 100 रुपए के नोटों में कुल 4 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए। पिकअप में भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे सवार थे। पुलिस ने रकम के संबंध में दस्तावेज और हिसाब मांगा, लेकिन संतुष्ट नहीं होने पर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत वाहन और नकदी जब्त कर ली।
कारोबारी का दावा- फर्म के पास 53.93 करोड़ रुपए
कारोबारी कमलेश आर. शाह ने अपने वकील राकेश पुरी के माध्यम से अदालत में आवेदन पेश कर जब्त रकम वापस करने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी नीना शाह मेसर्स मेक टेक (M/S MECTEC) नाम से कृषि क्षेत्र से जुड़ा कारोबार करती थीं। फर्म उद्योग आधार और केंद्रीय भंडार में पंजीकृत है। कारोबारी के अनुसार, फर्म का सालाना कारोबार करोड़ों रुपए का है और नियमित रूप से आयकर जमा किया जाता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में फर्म ने 1 करोड़ 8 लाख 22 हजार 242 रुपए आयकर जमा किया था। उन्होंने 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि फर्म के पास नकदी और बैंक खातों में कुल 53 करोड़ 93 लाख 69 हजार 148.72 रुपए की राशि थी। उनका दावा था कि जब्त किए गए 4 करोड़ रुपए भी इसी कारोबार की रकम हैं।
पत्नी की मौत के बाद कारोबारी और बेटियां कानूनी वारिस
कमलेश शाह ने अदालत को बताया कि उनकी पत्नी नीना शाह की 12 अक्टूबर 2025 को मृत्यु हो गई थी। इसके बाद अकोला कोर्ट ने उन्हें कानूनी वारिस घोषित किया है। उनकी बेटियां खुशबू और खुशाली भी कारोबार की कानूनी वारिस हैं। फिलहाल तीनों मिलकर फर्म का संचालन कर रहे हैं। फर्म का एक कार्यालय नागपुर में भी है। कारोबारी के मुताबिक, व्यापारिक जरूरतों के लिए समय-समय पर बड़ी नकदी एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजी जाती है। 25 अक्टूबर को भी जेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की गाड़ी से 4 करोड़ रुपए रायपुर से नागपुर ले जाए जा रहे थे। पिकअप में फर्म का कर्मचारी भवेशभाई डाभी भी मौजूद था।
पुलिस और आयकर विभाग ने उठाए सवाल
कारोबारी की ओर से रकम वापसी की मांग का पुलिस और आयकर विभाग ने विरोध किया। दोनों पक्षों ने अदालत में बताया कि पिकअप में पकड़े गए भवेशभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे ने शुरुआती पूछताछ में रकम को जेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन और जय श्री गोल्डन मार्केट, भनपुरी रायपुर के ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ा बताया था।
बाद में कमलेश शाह ने रकम को मेक टेक फर्म का बताया। बयानों में अंतर होने के कारण रकम के वास्तविक मालिक और उसके स्रोत की जांच जरूरी है। पुलिस ने यह भी कहा कि कारोबारी की ओर से ऐसा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे यह साबित हो सके कि पिकअप में सवार दोनों व्यक्ति उनके कर्मचारी थे या उन्हें 4 करोड़ रुपए ले जाने की अधिकृत अनुमति दी गई थी।
आयकर विभाग ने शुरू की जांच
आयकर विभाग ने अदालत को बताया कि मामले में आयकर अधिनियम की धारा 132A सहित संबंधित प्रावधानों के तहत 9 पन्नों की जांच प्रक्रिया शुरू की गई है। विभाग ने जांच पूरी होने तक जब्त रकम किसी को नहीं सौंपने की मांग की।
कोर्ट ने दोनों आवेदन किए खारिज
पुलिस और आयकर विभाग की दलीलें सुनने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अंजली सिंह ने कारोबारी के दोनों आवेदन खारिज कर दिए। अदालत ने माना कि रकम के स्रोत और वास्तविक स्वामित्व की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। इसलिए जांच पूरी होने तक 4 करोड़ रुपए कारोबारी को वापस नहीं किए जा सकते। साथ ही रकम किसी अन्य विभाग या अधिकारी को ट्रांसफर नहीं करने की मांग भी खारिज कर दी गई। फिलहाल 4 करोड़ रुपए की नकदी आयकर विभाग की जांच के दायरे में है।