
स्वामी आत्मानंद स्कूल सेलूद के छात्र-छात्राओं ने बजरंग चौक पर किया चक्काजाम, दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार
पाटन। स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय सेलूद में पर्याप्त शौचालय व्यवस्था की मांग को लेकर मंगलवार को छात्र-छात्राओं ने दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग के बजरंग चौक सेलूद में चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के सड़क पर उतरने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। विद्यार्थियों का कहना है कि विद्यालय में शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और ठोस कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राएं शिक्षा मंत्री एवं संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। विद्यार्थियों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्या सुनने और समाधान का स्पष्ट आश्वासन नहीं देते, तब तक वे चक्काजाम समाप्त नहीं करेंगे। चक्काजाम के चलते दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग पर करीब आधे घंटे से आवागमन प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन की अनुपस्थिति से नाराजगी: प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों में इस बात को लेकर नाराजगी रही कि उनकी मांग के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। छात्र-छात्राओं ने कहा कि स्कूल जैसी महत्वपूर्ण संस्था में मूलभूत सुविधा की समस्या का तत्काल समाधान होना चाहिए। फिलहाल विद्यार्थी अपनी मांग पर डटे हुए हैं और प्रशासन की ओर से अधिकारियों के मौके पर पहुंचने तथा समस्या के समाधान को लेकर आश्वासन मिलने का इंतजार कर रहे हैं।