
पाटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत फेंकारी में सोमवार 5 अक्टूबर को ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ना और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
शिविर में दुर्ग शहर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तथा दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे ग्राम पंचायत फेंकारी में आयोजित होगा। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से जनप्रतिनिधि ग्रामीणों के बीच पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करेंगे। शिविर के विधानसभा प्रभारी लोकमणि चंद्राकर ने क्षेत्र के नागरिकों से शिविर का लाभ उठाने की अपील किया है।