किकिरमेटा में गूंजा रामनाम, त्रिदिवसीय अखंड रामधुनी प्रतियोगिता का भव्य समापन, जिपं सभापति कल्पना ने कहा—भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज को दिखाते हैं सही दिशा

किकिरमेटा में गूंजा रामनाम, त्रिदिवसीय अखंड रामधुनी प्रतियोगिता का भव्य समापन, जिपं सभापति कल्पना ने कहा—भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज को दिखाते हैं सही दिशा


जामगांव आर। दक्षिण पाटन के अंतिम छोर पर बसे ग्राम किकिरमेटा में आयोजित त्रिदिवसीय अखंड रामधुनी सम्मेलन का रविवार रात्रि भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर देवकी जेठूराम निषाद सरपंच किकिरमेटा-शुक्लाडीह, अमित अग्रवाल सरपंच बेल्हारी, देवप्रकाश साहू निज सहायक विधायक संजारी-बालोद, संजू साहू एवं कमलेश यादव मंचासीन रहे। आयोजन में विभिन्न ग्रामों से दर्जनों रामधुनी मंडलियों ने हिस्सा लिया। गायन प्रतियोगिता में जय मां विंध्यवासिनी रामधुनी मंडली गोकुलपुर ने प्रथम, सेमरा ने द्वितीय, रानीतराई ने तृतीय तथा असोगा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं झांकी प्रतियोगिता में जय मां शारदा रामधुनी मंडली बनबोड़ प्रथम, मोहभाठा द्वितीय, तुमड़ीकसा तृतीय तथा सोहतरा चतुर्थ स्थान पर रहा। विजेता मंडलियों को आयोजन समिति की ओर से नगद पुरस्कार एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


समापन समारोह को संबोधित करते हुए कल्पना नारद साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्श, मर्यादा, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि रामधुनी जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही समाज में भक्ति, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में आयोजन समिति के जागेश्वर साहू, कांशीराम साहू, मनीष सिन्हा, शेषनारायण सिन्हा, टिकेश्वर साहू, नवीन साहू, कुलदीप, संदीप, अनिल, शिवप्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *