कवर्धा। सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और यादव समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के दो अलग-अलग मामलों में कवर्धा पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में सलमान अली और करण साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
उपमुख्यमंत्री और समाज के खिलाफ टिप्पणी के आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलमान अली पर सोशल मीडिया पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। वहीं, करण साहू पर यादव समाज के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप लगाया गया है। दोनों मामलों में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर की गई पोस्ट को लेकर शिकायत एवं विरोध की स्थिति बनी थी।
पुलिस ने की वैधानिक कार्रवाई
मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए कवर्धा सिटी कोतवाली पुलिस ने संबंधित प्रकरणों में कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से पोस्ट करने की अपील
पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी जनप्रतिनिधि या समाज के संबंध में टिप्पणी करते समय मर्यादा और जिम्मेदारी का ध्यान रखें। आपत्तिजनक, भड़काऊ या सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करने से बचें। कानून का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।