पाटन। तहसील साहू संघ पाटन द्वारा दो दिवसीय तहसील स्तरीय कर्मा जयंती महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह का भव्य आयोजन रविवार को अमलेश्वरडीह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत 1009 दीपों से महाआरती के साथ भक्त माता कर्मा की पूजा कर की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सामूहिक विवाह से दाम्पत्य जीवन सफल और सुखमय होता है क्योंकि इसमें पूरा समाज आशीर्वाद देता है। 24 जोड़ों का विवाह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि साहू समाज मेहनत और ईमानदारी की मिसाल है, जो कभी गलत रास्तों से जीवन नहीं जीता।
कर्मा जयंती महोत्सव के प्रथम सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह से ना केवल आर्थिक बोझ कम होता है, बल्कि सामाजिक एकता भी मजबूत होती है। यह परंपरा साहू समाज में वर्षों से चली आ रही है।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि वर्तमान समय में विवाह पूर्व प्रीवेडिंग जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगनी चाहिए और परंपरागत रीति-रिवाजों का पालन जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज को बहते जल की तरह गतिशील और परिवर्तनशील होना चाहिए। सांसद विजय बघेल ने भक्त माता कर्मा की भक्ति को समाज की एकता और शक्ति का आधार बताया।
मंच पर पूर्व मंत्री जागेश्वर साहू, डॉ. दयाराम साहू, दीपक ताराचंद साहू, जितेंद्र साहू, अश्वनी साहू, दयानंद सोनकर, ओमप्रकाश साहू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
सामूहिक विवाह में 24 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के साथ परिणय सूत्र में बंधे। विवाह की सभी रस्में – हल्दी, तेलमाटी, चूलमाटी – महिला पदाधिकारियों द्वारा सम्पन्न कराई गईं। दूल्हों की बारात प्राथमिक शाला डीह से धूमधाम से निकली, जिसका स्वागत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया।
इस अवसर पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन डॉ. सुरेश साहू के संयोजन में किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने सिकलसेल, ब्लड प्रेशर, शुगर आदि की जांच करवाई और मुफ्त दवाएं वितरित की गईं।
इस भव्य आयोजन में साहू समाज के साथ-साथ विभिन्न समाजों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया।