रायपुर। छत्तीसगढ़ के 11 यंग साइंटिस्ट विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया। 29 अगस्त को अन्ना सेंटेनरी ऑडिटोरियम, चेन्नई में आयोजित स्पेस थिरुविधा कार्यक्रम में इन विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सेजेस जामगांव आर की भूमिका वर्मा और अमीषा निषाद ने अपने प्रोजेक्ट के साथ फाइनलिस्ट के रूप में पुरस्कार प्राप्त कर राज्य को गौरवान्वित किया। उनके गाइड टीचर श्रीमती विनीता सुधीर को भी मेडल से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में चयनित सभी विद्यार्थियों को फाइनल राउंड में सर्टिफिकेट और मोमेंटो प्रदान किए गए, वहीं गाइड शिक्षकों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से तारामंडल खोला गया, जहां उन्हें अंतरिक्ष जगत को करीब से समझने का अनूठा अवसर मिला। इसके अलावा इसरो की बस प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रहों एवं अंतरिक्ष मिशनों की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन कराया गया।
स्पेस किड्स इंडिया की सीईओ डॉ. श्रीमती केशन ने कहा, “हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस मंच पर बच्चों के हुनर को देखकर गर्व की अनुभूति होती है।”