जामगांव आर। पशुधन विकास विभाग, दुर्ग द्वारा शुक्रवार 23 जनवरी 2026 को जिला स्तरीय पशु मेला, उत्सव एवं प्रदर्शनी का आयोजन ग्राम औरी (जामगांव आर), विकासखंड पाटन में किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य पशुपालकों को शासकीय योजनाओं, पशु स्वास्थ्य, पोषण एवं आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी देना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत दुर्ग की सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सभापति श्रीमती कल्पना साहू, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक, उपाध्यक्ष श्री कमलेश वर्मा, सभापति श्री रवि सिन्हा, जनपद सदस्य श्री रामकुमार चंद्राकर तथा ग्राम पंचायत बोरवाय (औरी) की सरपंच श्रीमती मीनू शर्मा उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक पशुपालकों का पंजीयन किया जाएगा। इसके पश्चात 10 बजे से 11.30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। वरिष्ठ पशु चिकित्सकों द्वारा 11.30 बजे से शाम 5 बजे तक शासकीय पशुपालन योजनाओं, पशु स्वास्थ्य, संतुलित पोषण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन विषयों पर व्याख्यान दिए जाएंगे। दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक उद्घाटन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन शाम 5 बजे होगा। पशुधन विकास विभाग ने जिले के समस्त पशुपालकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस जिला स्तरीय पशु मेला, उत्सव एवं प्रदर्शनी में शामिल होकर कार्यक्रम का लाभ उठाएं।