आधा एकड़ की रंगोली में साकार हुईं केंद्र की 12 योजनाएं, 200 बालिकाओं के लोकनृत्य ने मोहा मन, ग्राम पंचायत कलंगपुर में उकेरी गई जनकल्याणकारी योजनाओं की तस्वीर, विशाल रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र

गुंडऱदेही। बालोद जिले के गुण्डरदेही तहसील अंतर्गत ग्राम कलंगपुर में पारंपरिक मातर पर्व के अवसर पर लोकसंस्कृति, जनजागरूकता और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला। गांव में लगभग आधा एकड़ क्षेत्र में गोबर से लीपकर बनाई गई विशाल गोलाकार रंगोली आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इस रंगोली के माध्यम से केंद्र सरकार की 12 जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक प्रतीकों के जरिए प्रदर्शित किया गया।

इस वर्ष आयोजन का दसवां वर्ष रहा। कार्यक्रम की थीम ‘सेवा संकल्प अभियान’ रखी गई थी। गांव के गौठान परिसर में आयोजित इस समारोह में लगभग 200 बालिकाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। बालिकाओं ने पंथी, सुआ, करमा और बस्तरिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों की तैयारी के लिए बालिकाओं ने करीब दो महीने तक नियमित अभ्यास किया था।

विशाल रंगोली के केंद्र में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रतीक उकेरे गए थे। वहीं इसके चारों ओर बालिकाओं के सामूहिक लोकनृत्यों ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

सरपंच पुष्पा सिन्हा एवं संस्था के अध्यक्ष विकास जैन ने बताया कि मातर पर्व के अवसर पर इस तरह का आयोजन पिछले दस वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण परंपराओं को जीवंत रखने के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है।

वहीं पूर्व सरपंच गोविंद सिन्हा ने बताया कि गांव की बालिकाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उन्हें सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से इस पहल की शुरुआत की गई थी। समय के साथ यह आयोजन गांव की विशिष्ट पहचान बन गया है।

कलंगपुर का यह आयोजन लोककला और परंपराओं के संरक्षण के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अनूठी मिसाल बना। विशाल रंगोली के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी और लोकनृत्यों के जरिए सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने मातर पर्व को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *