पाटन। भाई दूज मातर महोत्सव के अवसर पर कर्मचारी संगठन रवेली द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मान समारोह में ग्राम के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, नव नियुक्त कर्मचारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों का सम्मान किया गया। संगठन द्वारा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की यह परंपरा पिछले 32 वर्षों से निरंतर निभाई जा रही है। समारोह में वक्ताओं ने इस आयोजन को गांव की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
गौरतलब है कि रवेली के कर्मचारियों ने 32 वर्ष पूर्व संगठन का गठन कर गांव के बच्चों को शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह की शुरुआत की थी। इस पहल का सकारात्मक परिणाम यह है कि गांव के अनेक प्रतिभावान युवा आज शिक्षा, प्रशासन, तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीते एक वर्ष के दौरान ग्राम में दिवंगत हुए व्यक्तियों को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित कर एवं उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन धारण कर किया गया।
समारोह में कु. नूतन साहू, सुपुत्री रोहित साहू को कक्षा 12वीं में गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त करने की उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। वहीं कु. हीना साहू को एम्स नागपुर में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर चयनित होने पर सम्मान प्रदान किया गया।
इसी क्रम में अभिषेक वर्मा को भारतीय रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर चयनित होने, पवन कुमार वर्मा, अंकित वर्मा एवं दीपांकन वर्मा को विभिन्न पदों पर चयनित होने तथा शेष नारायण सेन को स्वास्थ्य विभाग में पदोन्नति प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा तुषार साहू, कु. आस्था वर्मा, शशांक वर्मा एवं सौम्य वर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां हासिल करने पर सम्मानित किया गया। राजभवन एवं उद्यानिकी विभाग में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत कर्मचारियों का भी सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
प्रतिभा किसी समाज की बपौती नहीं, हर प्रतिभावान से लें प्रेरणा : कमल वर्मा
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि पिछले 32 वर्षों में रवेली के बच्चों ने शिक्षा, प्रशासन, तकनीक और विदेशों में अपनी उपलब्धियों से गांव का गौरव बढ़ाया है। संगठन के शासन के अधीन पंजीकृत होने से नई पीढ़ी को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के अवसर मिलेंगे। भविष्य में संगठन शासन के सहयोग से बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगारमूलक कार्यशालाओं का आयोजन भी करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक समाज तक सीमित नहीं होती। हमें किसी भी समाज के प्रतिभावान बच्चों से निःसंकोच प्रेरणा लेनी चाहिए। समाज में बिना किसी भेदभाव के एक-दूसरे का सहयोग और सहारा बनना चाहिए। ईश्वर ने हमें मनुष्य के रूप में जन्म दिया है, इसलिए अहंकार का त्याग कर दूसरों के विकास में सहयोगी बनना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रविशंकर वर्मा थे। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में चेलाराम नायक, छन्नूलाल वर्मा एवं अंगीरा वर्मा उपस्थित रहे। संगठन के सचिव राजकुमार वर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों एवं संगठन के सदस्यों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. धर्मपाल वर्मा एवं राजेश वर्मा ने किया। सम्मान समारोह के पश्चात ग्राम लिटिया-सेमरिया के सांस्कृतिक मंच द्वारा ‘संत समाज नाच पार्टी’ का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसका ग्रामीणों ने भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर कौशल वर्मा, प्रमोद वर्मा, डीलेश वर्मा (कोषाध्यक्ष), जन्मेजय वर्मा, जयंत वर्मा, संतोष वर्मा, विजय वर्मा, हेमशंकर वर्मा, देवेंद्र नायक, धनंजय वर्मा, अशोक चंद्राकर, रामप्यारे वर्मा, टोमन साहू एवं भुनेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।