YC न्यूज़ डेस्क। अंतरराष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा में बुधवार को एक अनोखा और प्रेरणादायी नजारा देखने को मिला। नवाचार कार्यक्रम के तहत 12वीं कक्षा की छात्रा संतोषी धीवर को 15 मिनट के लिए जिले की एसपी (SP) की जिम्मेदारी सौंपी गई। कुर्सी पर बैठते ही संतोषी ने ऐसा प्रशासनिक निर्णय लिया जिसने पूरे पुलिस विभाग को चौंका दिया और शहर में चर्चा का विषय बन गया। छात्रा एसपी ने स्कूल और कॉलेज परिसरों के 200 मीटर दायरे में चल रहे पान-ठेला, गुमटी और अन्य छोटे दुकानों को स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया।
उनका कहना था कि इससे विद्यार्थियों के लिए अधिक सुरक्षित और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण बनेगा। संतोषी के निर्देश मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी, जिसके बाद शहर के कई क्षेत्रों में हलचल दिखी। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल दिवस पर बच्चों में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक समझ और जिम्मेदारी का भाव विकसित करना था। संतोषी का यह निर्णय अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।