दुर्ग में सहकारी समिति कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म : आज से सभी कर्मचारी लौटेंगे काम पर

दुर्ग में सहकारी समिति कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म : आज से सभी कर्मचारी लौटेंगे काम पर

दुर्ग। जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही सहकारी समिति कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गई। यह हड़ताल 3 नवंबर से जारी थी और धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो जाने के बावजूद कर्मचारियों के काम पर न लौटने से व्यवस्था चरमराई हुई थी। गुरुवार को कलेक्टर दुर्ग, डीआरसीएस, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ हिर्देश शर्मा और सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक दिलीप देशमुख की उपस्थिति में हुई बैठक में कर्मचारी संघ ने कृषक हित और जनहित को प्राथमिकता देते हुए हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की।

आज से लौटेंगे कार्य पर

कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि सभी कर्मचारी 21 नवंबर 2025 से नियमित रूप से अपने कार्य पर लौटेंगे और धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से चलाने में पूरा सहयोग देंगे। संघ ने मांग रखी है कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर लगाई गई सभी एस्मा के तहत एफआईआर, निलंबन, बर्खास्तगी और अन्य दंडात्मक कार्रवाई तुरंत प्रभाव से निरस्त की जाए। संघ के अनुसार, इन कार्रवाइयों को वापस लेने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे धान खरीदी संचालन को और प्रभावी तरीके से संभाल सकेंगे।

काम पर न लौटने वालों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी

ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई कर्मचारी निर्धारित तिथि से कार्य पर नहीं लौटता है तो उसे संबंधित कर्मचारी संघ से पृथक मान लिया जाएगा और इसके लिए व्यक्तिगत रूप से वही कर्मचारी जिम्मेदार होगा।
प्रशासन ने इस निर्णय की जानकारी जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दी है ताकि धान खरीदी संचालन में किसी तरह की बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *