दुर्ग में उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान

दुर्ग में उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान

दुर्ग, 21 जून। बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा खालसा पब्लिक स्कूल, दुर्ग में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने की। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, विधायक रिंकेश सेन, महापौर अल्का वाघमारे, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, कलेक्टर अभिजीत सिंह, आयुक्त सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।

सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने में देश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि भारत द्वारा संयुक्त राष्ट्र में रखे गए प्रस्ताव को 177 देशों का समर्थन मिला, जिसके बाद वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से परिवार सहित नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा को संतुलित करने का प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल कर व्यक्ति अपने जीवन को अधिक सकारात्मक और ऊर्जावान बना सकता है।कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *