
योग प्रशिक्षक वाई.के. साहू के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन, स्वस्थ जीवनशैली और आत्मचेतना का दिया संदेश
जामगांव आर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेजेस बेल्हारी में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ व्याख्याता एवं योग प्रशिक्षक वाई.के. साहू के नेतृत्व में शिक्षक, छात्र-छात्राओं तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश दिया। प्राचार्य रीना चौधरी के निर्देशानुसार आयोजित यह कार्यक्रम रविवार प्रातःकाल अनुशासित, गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर रहा, जहां प्रकृति की साक्षी में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक प्रार्थना एवं योग संकल्प के साथ हुआ। इसके बाद ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, त्रिकोणासन, शशांकासन, शीर्षासन तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं के माध्यम से मानसिक एकाग्रता, आत्मसंयम और सकारात्मक ऊर्जा के महत्व को समझाया गया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक वाई.के. साहू ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वयं को जानने और भीतर की संभावनाओं को जागृत करने की साधना है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा को जोड़ने वाला एक पवित्र सेतु है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित, संस्कारित और आत्मचेतन बनाता है।
पीटीआई चंद्रकला साहू ने बताया कि योग विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, क्योंकि इससे स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास, कार्यक्षमता और अध्ययन क्षमता में वृद्धि होती है। कार्यक्रम में उत्तम कुमार पटेल, देवेंद्र कुमार साहू, चंद्रकला साहू, दीपिशा एन.के., लीलाधर सूर्यवंशी, प्रियंका आनंद, वासुदेव नंदन नाग, नरेंद्र कुमार साहू, नेहा आनंद माहेश्वरी, सरस्वती चतुर्वेदी, धारा साहू, तुषार कामरे, मेघा साहू, हेमंत प्रजापति, भूषण लाल ठाकुर, अनिल कुमार सहित समस्त विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।