‘वंदे मातरम’ गीत के 150 वर्ष पूर्ण—भाजपा दुर्ग करेगी सामूहिक गायन, मंत्री राम विचार नेताम व रंजना साहू होंगे मुख्य अतिथि

‘वंदे मातरम’ गीत के 150 वर्ष पूर्ण—भाजपा दुर्ग करेगी सामूहिक गायन, मंत्री राम विचार नेताम व रंजना साहू होंगे मुख्य अतिथि

दुर्ग। राष्ट्रभावना और एकता के प्रतीक “वंदे मातरम” गीत की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देशव्यापी उत्सव मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में दुर्ग जिला भाजपा द्वारा 7 नवंबर को सामूहिक वंदे मातरम गायन सहित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू होंगी। साथ ही प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार आरु साहू अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। आयोजन पुराना बस स्टैंड दुर्ग में शाम 3 बजे से आरंभ होगा।

भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि वंदे मातरम गीत राष्ट्रवाद और जन-जन में ऊर्जा संचार का प्रतीक है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में एकजुटता की भावना को प्रबल किया। वहीं जिला महामंत्री दिलीप साहू ने बताया कि इस अवसर पर शहर के सभी वर्गों—वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों, व्यापारियों, युवाओं और महिलाओं—को आमंत्रित किया गया है।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक ने कहा कि वंदे मातरम केवल गीत नहीं, बल्कि माँ भारती के प्रति श्रद्धा का संकल्प है। इसे 1875 में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने रचा था, और 1896 में रवींद्रनाथ टैगोर ने पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया था। यह गीत स्वदेशी आंदोलन का प्रेरक नारा बना और स्वतंत्रता सेनानियों—बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस—के लिए प्रेरणा स्रोत रहा। भाजपा नेता राजेन्द्र कुमार पाध्ये ने कहा, “वंदे मातरम आज भी भारत की एकता, शक्ति और मातृभूमि प्रेम का प्रतीक है; यह केवल गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना का मंत्र है। बैठक में जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, भिलाई जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, निगम सभापति श्याम शर्मा, जिला उपाध्यक्ष शिवेन्द्र परिहार, एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन दिलीप साहू ने किया और आभार प्रदर्शन विनोद अरोरा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *