छत्तीसगढ़ : महतारी वंदन योजना की 15वीं किश्त जारी, 69.32 लाख महिलाओं को 648.38 करोड़ की सहायता राशि अंतरित

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना के तहत आज, 1 मई 2025 को माह मई की 15वीं किश्त का भुगतान जारी कर दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश की 69.32 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में कुल 648.38 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की है।

गौरतलब है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में की गई थी। तब से अब तक लगातार 15 महीनों में 9788.78 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश की महिलाओं को वितरित की जा चुकी है। इस योजना के अंतर्गत 21 से 60 वर्ष की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

इसी के साथ महिला बाल विकास विभाग ने हितग्राही महिलाओं से आधार कार्ड अपडेट कराने की अपील की है, ताकि भुगतान में कोई समस्या न आए। विभाग ने स्पष्ट किया कि कई महिलाओं का भुगतान आधार इनएक्टिव होने के कारण निरस्त हुआ है। सभी पात्र हितग्राहियों को पहचान व निवास प्रमाण-पत्र के साथ आधार केंद्र में जाकर अपडेट कराने का आग्रह किया गया है, जिससे आगामी किश्त का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *