जामगांव आर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव आर में बीते 28 अप्रैल 2025 को शाला से सेवानिवृत्त कर्मचारियों सुदर्शन चंदेल, डोमन लाल साहू तथा पूर्व प्राचार्य राजेश पिल्लई के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों की धर्मपत्नियाँ एवं परिजन उपस्थित रहे। बताया गया कि श्री चंदेल ने विद्यालय में 7 अक्टूबर 2008 से 30 सितंबर 2024 तक सेवाएं दीं, वहीं डोमन लाल साहू ने 22 फरवरी 1994 से 31 मार्च 2025 तक अपनी सेवाओं से विद्यालय को लाभान्वित किया। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में दोनों कर्मचारियों ने विद्यालय में बिताए गए वर्षों की यादें साझा करते हुए कहा कि विद्यालय में उन्हें परिवार जैसा वातावरण और सभी साथियों से स्नेह और सम्मान मिला। प्राचार्य श्रीमती चेतना ठाकुर ने दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान की सराहना की और कहा कि उनका कार्य विद्यालय के लिए अविस्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में व्याख्याता श्री ओ.पी. वर्मा, श्री एस.आर. ठाकुर, श्रीमती अनामिका साहू, श्रीमती ललिता देवांगन, श्रीमती दीपिका मारकंडे, श्रीमती सुशीला निर्मल, श्री अमन कुमार पाटकर, सुश्री रोशनी गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए और उनके साथ बिताए गए पलों को साझा किया। इस अवसर पर दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका सुधा सिन्हा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता विनीता सुधीर एवं सुश्री टी. सिन्हा ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन व्याख्याता डी.के. साहू द्वारा किया गया।