“दुर्ग के ग्राम अंडा में सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन, सांसद विजय बघेल बोले : ‘भरोसे की सरकार, जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान'”

दुर्ग। सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम अंडा में सोमवार को समाधान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, अपर कलेक्टर जोशना, आईजी राम गोपाल गर्ग, आयुक्त सत्यनारायण राठौर, जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा साहू, आशा विक्की मिश्रा, सरपंच दिग्विजय सिन्हा सहित प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के तेल चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर और कलेक्टर ने शिविर का निरीक्षण किया। अपने उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा, “विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में भरोसे की सरकार काम कर रही है। जब डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री थे, तब भी ऐसे शिविरों से जनता की समस्याओं का समाधान होता था। आज भी हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। अगर कोई कमी रह जाती है, तो आप बेहिचक हमें बता सकते हैं।”

विधायक ललित चंद्राकर ने भी शिविर को संबोधित करते हुए कहा, “ऐसे समाधान शिविरों से प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम होती है। सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी जब हर जरूरतमंद व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचे। मैं सभी विभागों से आग्रह करता हूं कि लंबित समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण करें और जनता की संतुष्टि सुनिश्चित करें।” उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखें ताकि उनका समाधान किया जा सके।

शिविर में 15 गांवों को शामिल किया गया, जिनमें 622 समस्याओं में से 95% का समाधान किया गया। शेष समस्याओं के निराकरण के लिए भी कार्रवाई जारी है। सांसद ने कहा कि “हमारी सरकार घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। महतारी वंदन योजना के 256 आवेदन आए हैं, जिनमें सभी पात्र लाभार्थी हैं।”

बिजली विभाग से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि “पांच सौ बिजली के पोल गिर चुके हैं, बिजली विभाग के कर्मचारियों में डर भी है। आने वाले समय में जल संकट एक बड़ी समस्या होगी, इसलिए हर घर में वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देना जरूरी है।”

शिविर में विभिन्न विभागों जैसे पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वन विभाग, परिवहन, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, शिक्षा, कृषि, पशुधन, विद्युत ऊर्जा और जल संसाधन विभाग ने अपने स्टॉल लगाए। आयुर्वेद विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी गई, वहीं महिलाओं द्वारा स्थानीय पकवानों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका स्वाद अतिथियों ने लिया और उनकी सराहना की।

ग्रामीणों ने शिविर में आकर अपनी समस्याएं रखीं और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। सांसद विजय बघेल ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि टूटे हुए बिजली पोल और अन्य समस्याओं के लिए अलग से शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *