किसानों की परेशानी पर सियासत तेज, कांग्रेस नेता अशोक साहू ने राज्य सरकार पर लगाए लापरवाही के आरोप

पाटन। पाटन ब्लॉक में दलहन और तिलहन की बिक्री को लेकर किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए इसे किसान विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि पहले खरीफ सीजन में धान बेचने के लिए किसानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी और अब रबी फसल में भी तिलहन और दलहन की बिक्री के लिए किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

साहू ने आरोप लगाया कि सरकार और जिम्मेदार अधिकारी केवल मीडिया और घोषणाओं तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं पूरी तरह से फेल नजर आ रही हैं।
बताया गया कि किसानों ने सरसों, चना और मसूर की फसल का पंजीयन पहले ही सोसायटियों के माध्यम से करा लिया था। इसके बावजूद जब किसान अपनी उपज बेचने सेवा सहकारी समिति पाटन पहुंच रहे हैं, तो उन्हें बारदाना की कमी का हवाला देकर वापस लौटा दिया जा रहा है। दूर-दराज से आने वाले किसान रोजाना चक्कर लगाने को मजबूर हैं, जिससे उनमें नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।इस मामले में जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी ने भी शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि किसानों के साथ इसी तरह लापरवाही जारी रही, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को हताश और निराश करने वाली इस व्यवस्था के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *