दिल्ली में INDIA गठबंधन की रैली के लिए छत्तीसगढ़ से 25 बसें रवाना, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 5 से 7 हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल

दिल्ली में INDIA गठबंधन की रैली के लिए छत्तीसगढ़ से 25 बसें रवाना, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 5 से 7 हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल

रायपुर। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली INDIA गठबंधन की रैली को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रैली में शामिल होने के लिए शुक्रवार को प्रदेश से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था 25 बसों में दिल्ली रवाना हुआ। इसके अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ट्रेन और फ्लाइट से भी दिल्ली पहुंच रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि छत्तीसगढ़ से करीब 5 से 7 हजार कार्यकर्ता इस रैली में शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस इस रैली को कथित वोट चोरी के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन बता रही है। पार्टी का दावा है कि देशभर से करीब 10 लाख लोग दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचेंगे। रैली में चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और मुख्य निर्वाचन आयुक्त की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जाएंगे। इसे लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

बैज बोले- वोट चोरी के खिलाफ ऐतिहासिक रैली होगी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ऐतिहासिक रैली आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसके लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने और वोट चोरी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए रैली में शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि यह देश के इतिहास की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होगी।

केदार कश्यप का पलटवार- हारने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है कांग्रेस

कांग्रेस की रैली और उसके आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना और लोगों के बीच गलतफहमियां फैलाना कांग्रेस की आदत बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव हारने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर उसी परिणाम को जनता का फैसला बताती है। कश्यप ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी इस तरह की प्रक्रिया कई बार अपनाई गई है। ऐसे में अब इसी प्रक्रिया पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति को दर्शाता है।

1 नवंबर को रामलीला मैदान में जुटेंगे विपक्षी दल

INDIA गठबंधन की इस रैली में देशभर के विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस इसे लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से जुड़ा आंदोलन बता रही है, जबकि भाजपा कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश करार दे रही है। फिलहाल छत्तीसगढ़ से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी है। 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली में प्रदेश की भागीदारी और विपक्षी दलों के शक्ति प्रदर्शन पर राजनीतिक नजरें टिकी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *