सुधांशु त्रिवेदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म, दिल्ली में बैठे हैं ‘दिमागी नक्सल’

सुधांशु त्रिवेदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म, दिल्ली में बैठे हैं ‘दिमागी नक्सल’

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को ‘दिमागी नक्सल’ बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म हो गया है, लेकिन अब दिमागी नक्सल दिल्ली में बैठकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। शुक्रवार को रायपुर में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में त्रिवेदी ने कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति, राहुल गांधी के बयानों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर अपनी बात रखी।

भारत की मजबूती कई ताकतों को पसंद नहीं

त्रिवेदी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और तेजी से एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। भारत की यह बढ़ती ताकत दुनिया की कई शक्तियों को पसंद नहीं आ रही है। यही वजह है कि देश में तरह-तरह के षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उनकी इच्छा के अनुरूप फैसले नहीं होते, तब उनका व्यवहार सामने आ जाता है।

SIR पर कांग्रेस के सवालों का दिया जवाब

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर कांग्रेस की आपत्तियों को खारिज करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (BLO) तीन बार मतदाताओं के घर जाते हैं। इस पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए राजनीतिक दलों को भी अपने एजेंट नियुक्त करने का अधिकार है। देशभर में ऐसे एजेंटों की संख्या करीब 22 लाख है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अपने ही कार्यकर्ताओं की भूमिका पर सवाल खड़े कर रही है? यदि जिला और प्रदेश स्तर के नेताओं ने समय रहते आपत्तियां दर्ज नहीं कराईं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?

45 दिन तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका

त्रिवेदी ने कहा कि चुनाव परिणाम आए अभी 15 दिन ही हुए हैं, जबकि आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 45 दिन का समय निर्धारित है। ऐसे में कांग्रेस को निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा का इंतजार करना चाहिए या फिर भ्रामक प्रचार करना चाहिए, यह उसे तय करना होगा।

पहले EVM, अब वोटर लिस्ट पर सवाल

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर सवाल उठाती थी और अब मतदाता सूची को लेकर संदेह पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि देश में अराजकता का माहौल बनाना है। त्रिवेदी ने कांग्रेस की तुलना अंग्रेजों की बांटो और राज करो की नीति से करते हुए कहा कि अंग्रेजों की नीति ‘बांटो और राज करो’ थी, जबकि कांग्रेस ‘बांटो और बर्बाद करो’ की नीति पर चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *