
दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है। वे 78 वर्ष के थे और लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे। उनका हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित दुर्ग-भिलाई और पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
शिक्षक से विधायक तक का सफर
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं दीं। वर्ष 1998 में व्याख्याता पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। वर्ष 1999 में वे दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में भी कार्य कर चुके थे।
2008 में पहली बार बने विधायक, 2023 में बड़ी जीत
कोर्सेवाड़ा ने वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर अहिवारा विधानसभा सीट से पहली बार जीत दर्ज की थी। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाया, लेकिन इस चुनाव में कांग्रेस के गुरु रुद्र कुमार ने जीत हासिल की। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया। इस बार उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 मतों के अंतर से हराकर दूसरी बार विधानसभा में प्रवेश किया। उन्हें 96,717 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 71,454 मत प्राप्त हुए थे।
विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष से लेकर उपाध्यक्ष तक संभाली जिम्मेदारी
विधायक के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान वर्ष 2010 में उन्हें छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया था। इस पद पर उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त था। उन्होंने विधानसभा की अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण से संबंधित समितियों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2023 में दूसरी बार विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्हें विधानसभा की विभिन्न समितियों में जिम्मेदारी मिली। इनमें पुस्तकालय समिति के सभापति का दायित्व भी शामिल था।
अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष थे
उनके राजनीतिक अनुभव और वरिष्ठता को देखते हुए अक्टूबर 2025 में राज्य सरकार ने उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। नवंबर 2025 में उन्होंने इस पद का कार्यभार संभाला था। निधन के समय वे अहिवारा के विधायक के साथ इस प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे।
शिक्षा और सामाजिक जीवन में भी रहा योगदान
12 अगस्त 1948 को जन्मे डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने बीएड की डिग्री भी हासिल की थी। शिक्षक के रूप में करियर शुरू करने से लेकर दो बार विधायक बनने और विभिन्न संवैधानिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाने तक उनका लंबा सार्वजनिक जीवन रहा। उनके निधन को भाजपा और अहिवारा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।