रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर 1 नवंबर को नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वे इस अवसर पर एक ही दिन में पांच प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर की रात रायपुर पहुंचेंगे और अगले दिन सुबह से देर शाम तक विभिन्न लोकार्पण और उद्घाटन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे, इसके बाद सत्य साईं अस्पताल और प्रजापिता ब्रह्मकुमारी के ध्यान केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे आदिवासी संग्रहालय (ट्राइबल म्यूजियम) का लोकार्पण भी करेंगे। दिन के अंतिम कार्यक्रम में नवा रायपुर में राज्योत्सव 2025 का औपचारिक शुभारंभ कर आमसभा को संबोधित करेंगे। राज्योत्सव के बाद वे देर शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
◆ मुख्यमंत्री ने ली तैयारियों की समीक्षा
शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर पहुंचकर सभी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी हों और राज्योत्सव में 25 वर्षों की विकास यात्रा को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर को राज्य के गौरव और उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया जाए।
◆ छह वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
राज्य शासन ने कार्यक्रमों की सुचारू व्यवस्था के लिए छह वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है—मनोज कुमार पिंगुआ (एसीएस, गृह एवं जेल) – प्रधानमंत्री के संपूर्ण कार्यक्रम एवं विधानसभा भवन उद्घाटन के लिए।
सोनमणि बोरा (प्रमुख सचिव, जनजाति विभाग) – ट्राइबल म्यूजियम के लोकार्पण के लिए।
एस. प्रकाश (सचिव, परिवहन) – संसदीय कार्य एवं विधानसभा भवन कार्यक्रम की देखरेख।
भुवनेश यादव (सचिव, समाज कल्याण विभाग) – राज्योत्सव मुख्य मंच की व्यवस्था।
एस. भारतीदासन (सचिव, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा) – राज्योत्सव स्थल की प्रदर्शनी प्रबंधन।
डॉ. प्रियंका शुक्ला (आयुक्त, स्वास्थ्य) – ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र के उद्घाटन की जिम्मेदारी।
◆ राज्य स्थापना दिवस पर अवकाश
राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर को स्कूल-कॉलेजों में स्थानीय अवकाश रहेगा। सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में पहले से ही शनिवार का अवकाश रहेगा। हालांकि, बैंक, कोषालय और वित्तीय संस्थानों के लिए यह अवकाश लागू नहीं होगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
नवा रायपुर में होने वाला यह राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की 25 वर्ष की विकास यात्रा का प्रतीक और नई संभावनाओं का उत्सव होगा, जिसमें राज्य की संस्कृति, उपलब्धियां और जनभागीदारी की झलक देखने को मिलेगी।