रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की प्राचीन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरें देश-दुनिया के आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखी श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि विशेष रूप से लोगों का ध्यान खींच रही है। इसके साथ ही वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र भी प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है।
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, रायपुर द्वारा लगाई गई इस विशेष प्रदर्शनी में प्रदेश की समृद्ध ज्ञान, साहित्य, धर्म और ऐतिहासिक परंपराओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। विभिन्न कालखंडों की दुर्लभ पांडुलिपियां और ऐतिहासिक अभिलेख छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत से देश-दुनिया के लोगों को परिचित करा रहे हैं।
रानी दुर्गावती के समकालीन कालखंड की है स्वर्णाक्षरों वाली गीता
प्रदर्शनी का सबसे खास आकर्षण 16वीं शताब्दी की श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि है, जिसे स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया है। यह पांडुलिपि गोंडवाना की वीरांगना शासिका रानी दुर्गावती के समकालीन कालखंड से संबंधित बताई गई है। यह उस दौर की उत्कृष्ट लेखन कला, आध्यात्मिक चेतना और साहित्यिक समृद्धि का महत्वपूर्ण प्रमाण प्रस्तुत करती है।
इसके अलावा रामायण के बालकांड और किष्किंधा कांड की पांडुलिपियां, राधा विनोद महाकाव्य, ज्योतिष शास्त्र, आयुर्वेद तथा विभिन्न धार्मिक एवं साहित्यिक विषयों के हस्तलिखित ग्रंथ भी प्रदर्शित किए गए हैं।
ताड़पत्र पांडुलिपियों में संरक्षित है प्राचीन ज्ञान परंपरा
प्रदर्शनी में ताड़पत्रों पर लिखी गई प्राचीन पांडुलिपियां भी लोगों की विशेष रुचि का विषय बनी हुई हैं। कागज के व्यापक प्रचलन से पहले ताड़पत्रों पर ग्रंथों और महत्वपूर्ण जानकारियों को लिखकर संरक्षित करने की परंपरा रही है। वहीं ताम्रपत्रों के माध्यम से राजकीय आदेशों, महत्वपूर्ण अभिलेखों और ऐतिहासिक घटनाओं को दर्ज किया जाता था। वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र इसी समृद्ध अभिलेखीय परंपरा का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ रही प्रदर्शनी
यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच प्रदान कर रही है। यहां लोककला, जनजातीय संस्कृति, साहित्य, धर्म, इतिहास और पारंपरिक ज्ञान की विविध झलक देखने को मिल रही है। दुर्लभ पांडुलिपियों का प्रदर्शन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ने के साथ उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रहा है।
भारत मंडपम के हॉल नंबर-4 के प्रथम तल पर एक हजार वर्गमीटर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ पवेलियन स्थापित किया गया है। यहां ऐतिहासिक धरोहरों के साथ प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है।
जूरी सदस्यों ने भी सराहा छत्तीसगढ़ पवेलियन
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के जूरी सदस्यों ने भी छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। इस अवसर पर प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक गेंड़ी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया। जूरी सदस्यों ने प्रदेश की कला, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, स्थानीय उत्पादों और ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया तथा विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध उत्पादों की विशेषताओं की जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस अंतरराष्ट्रीय मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला और आधुनिक विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर रहा है।