उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

रायपुर, 16 नवंबर 2026। छठ महापर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचकर उगते सूर्यदेव को उषा अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि, खुशहाली और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की। मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और समस्त प्रदेशवासियों को महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

छठ घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं व्रती महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच छठ महापर्व में शामिल होकर भगवान सूर्यदेव की आराधना करना उनके लिए सौभाग्य और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी सनातन संस्कृति, अटूट लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम संगम है। यह पर्व जीवन के आधार सूर्य, जल और प्रकृति के प्रति श्रद्धा एवं आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा में निहित पवित्रता, अनुशासन, संयम, तप और समर्पण की भावना भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं को प्रदर्शित करती है। कुनकुरी सहित पूरे जशपुर अंचल में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और इसे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। हमारी समृद्ध परंपराएं समाज को एकजुट रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं।

मुख्यमंत्री साय ने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से प्रार्थना की कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनी रहे तथा छत्तीसगढ़ विकास और खुशहाली के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता के संचार की मंगलकामना की।

इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *