पटवारी–आरआई पेपर लीक मामले में EOW का बड़ा एक्शन, दिल्ली से दो आरोपी गिरफ्तार; 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड

रायपुर। पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा 2024 के पेपर लीक मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (EOW-ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया है। सोमवार को दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उन्हें 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घना की गड़िया निवासी वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) के रूप में हुई है। EOW-ACB की टीम ने दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

परीक्षा से पहले पेपर लीक करने का आरोप

EOW-ACB के अनुसार, आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण के लिए चयनित करने के उद्देश्य से 7 जनवरी 2024 को विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। हालांकि, परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आने के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की उच्च स्तरीय जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट सामान्य प्रशासन विभाग को सौंपे जाने के बाद प्रकरण की जांच EOW-ACB को दी गई।

प्रश्नपत्र के बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलने का आरोप

जांच एजेंसी का आरोप है कि वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोपियों ने परीक्षा की गोपनीयता भंग करते हुए परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक किया और अभ्यर्थियों को अवैध रूप से उपलब्ध कराया। इसके एवज में अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलने का भी आरोप है।

शिनाख्त परेड में पटवारियों ने पहचाना

जांच में अहम कड़ी तब सामने आई, जब 15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई गई। इसमें परीक्षा में शामिल हुए संबंधित पटवारियों ने दोनों आरोपियों की पहचान उन व्यक्तियों के रूप में की, जिन्होंने कथित तौर पर लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था। साथ ही परीक्षा की तैयारी के लिए स्थान मुहैया कराने और अवैध वसूली में संलिप्तता की बात भी सामने आई। EOW-ACB ने बताया कि अपराध में संलिप्तता के प्रमाण मिलने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल मामले में आगे की विवेचना जारी है।

इन धाराओं में दर्ज है मामला

इस प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथासंशोधित 2018) की धारा 7(सी) तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *