
YC न्यूज़ डेस्क/रायपुर । नक्सलवाद की चुनौतियों से निकलकर विकास, समृद्धि और सांस्कृतिक पहचान की नई इबारत लिख रहे छत्तीसगढ़ की भव्य तस्वीर शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में देखने को मिली। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, हस्तशिल्प और विकास की संभावनाओं ने देश-दुनिया के सामने राज्य की नई पहचान प्रस्तुत की। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं।
नक्सलवाद से विकास की ओर बढ़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब तेजी से बदल रही है। जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत मंडपम में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ का स्वरूप परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक संभावनाओं के अनूठे संगम को दर्शाता है। प्रदेश की लोक संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसे कलाकारों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है।
निवेश और रोजगार की अपार संभावनाएं : राज्यपाल
राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण विकास की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है। इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार सृजन और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्यपाल ने देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाकर प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज के प्रसंस्करण, महिला स्व-सहायता समूहों, स्थानीय शिल्पकारों और युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया।
गौर, गौरा-गौरी, सुआ और पंथी नृत्य ने बांधा समां
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक समारोह का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और लोक वाद्ययंत्रों के साथ कलाकारों ने प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत कर दिया। गौर नृत्य के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं की झलक दिखाई दी, वहीं गौरा-गौरी नृत्य ने लोक आस्था और धार्मिक परंपराओं को प्रस्तुत किया। भोजली नृत्य में कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना दिखाई दी। राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मांदर और ढोल की थाप पर कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंग में रंग गया।
बस्तर की बेलमेटल कला से कोसा सिल्क तक, पवेलियन में दिखी छत्तीसगढ़ की पहचान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बस्तर की पारंपरिक बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा वस्त्रों और वनोपज आधारित उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक कलाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने से प्रदेश के शिल्पकारों, किसानों और उद्यमियों को नए अवसर मिलेंगे।
3डी तकनीक से दिखा चित्रकोट जलप्रपात का प्राकृतिक सौंदर्य
पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात का 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी आकर्षण का केंद्र रहा। आधुनिक तकनीक के माध्यम से आगंतुकों को बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करना पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे देश-विदेश के पर्यटक छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं से परिचित होंगे।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित इस समारोह ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत, औद्योगिक संभावनाओं और पर्यटन को व्यापक पहचान दिलाने के साथ प्रदेश की बदलती तस्वीर को देश-दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
#Chhattisgarh, #BharatInternationalTradeFair, #BharatMandapam, #VishnuDeoSai, #NewChhattisgarh, #ChhattisgarhCulture, #Bastar, #TribalCulture, #ChhattisgarhTourism, #MakeInChhattisgarh, #InvestmentInChhattisgarh, #ChhattisgarhDevelopment, #IndiaTradeFair2026, #CGNews, #YuvaChannelNews