नर्सिंग ऑफिसर्स का आंदोलन स्थगित, सरकार को एक महीने का अल्टीमेटम; ग्रेड-पे और भत्तों पर आदेश जारी करने की मांग

नर्सिंग ऑफिसर्स का आंदोलन स्थगित, सरकार को एक महीने का अल्टीमेटम; ग्रेड-पे और भत्तों पर आदेश जारी करने की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे नर्सिंग ऑफिसर्स ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया है। आंदोलन शुरू होने के दूसरे दिन ही संबंधित मंत्री ने नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों को चर्चा के लिए बुलाया। बैठक में मांगों पर मिले आश्वासन के बाद संघ ने सरकार को एक महीने का अल्टीमेटम दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने सरकार से ग्रेड-पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस से संबंधित लंबित आदेश जल्द जारी करने की मांग की है। संघ का कहना है कि इन मांगों को लेकर पहले भी शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। सरकार को एक महीने का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में आदेश जारी नहीं होने पर संघ आगे की रणनीति तय करेगा।

1000 स्टाफ नर्सों की भर्ती में अनुभव को प्राथमिकता देने की मांग

संघ के अनुसार, चिकित्सा शिक्षा विभाग में 1000 स्टाफ नर्सों की नई भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसकी घोषणा 12 मई 2026 को की गई थी। चर्चा के दौरान पूर्व से कार्यरत संविदा और दैनिक वेतनभोगी स्टाफ नर्सों को उनके अनुभव के आधार पर प्राथमिकता देने अथवा अतिरिक्त बोनस अंक प्रदान करने का आश्वासन मिला है। इसके साथ ही नियमित भर्ती पूरी होने तक संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के वेतन में 10 हजार रुपए की वृद्धि के लिए भी शासन स्तर पर प्रयास करने की बात कही गई है। इन आश्वासनों के बाद आंदोलन स्थगित कर कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी जॉइन कर ली है।

2018 की कमेटी की सिफारिश पर शासन को भेजा गया प्रस्ताव

एसोसिएशन के मुताबिक, वर्ष 2018 में गठित कमेटी की अनुशंसाओं के आधार पर ग्रेड-पे और विभिन्न भत्तों से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। अब संघ इन प्रस्तावों पर आधिकारिक आदेश जारी होने का इंतजार कर रहा है। संघ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत ने बताया कि सरकार को ग्रेड-पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस के आदेश जारी करने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समय में मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है, तो संगठन कर्मचारियों से चर्चा कर आंदोलन की अगली रणनीति तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *