रायगढ़ । छग के रायगढ़ जिले के भाटनपाली गांव में एक हनुमान मंदिर तोड़े जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। मंदिर को तोड़े जाने का आरोप मसीही समाज में धर्मांतरण कर चुके तीन ग्रामीणों—निर्मल सारथी, सूरज सारथी और हीरा सारथी—पर लगाया गया है। इस घटना से आक्रोशित बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए गांव में जमकर हंगामा किया और एक चर्च भवन पर लगे क्रॉस को हटाकर वहां भगवा झंडा फहरा दिया।
घटना 28 मई की बताई जा रही है, जब ग्रामीणों ने देखा कि चर्च के सामने स्थित हनुमान मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया है। इसकी सूचना बजरंग दल को दी गई, जिसके बाद कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पुलिस बल तैनात कर दिया है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति नियंत्रण में है।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि हिन्दू आस्था और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का सुनियोजित षड़यंत्र है। उनका आरोप है कि विशेष समुदाय द्वारा गांव में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है और मंदिर को गिराना उसी साजिश की एक कड़ी है।
जांच के आदेश, प्रशासन की शांति की अपील
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। वहीं प्रशासन ने ग्रामीणों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अतिरिक्त पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है, और पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन को बजरंग दल की ओर से एक आवेदन भी सौंपा गया है, जिसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।