जामगांव आर। पाटन जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हली में अवैध रूप से चल रही शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित थाना प्रभारी एवं आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि या तो अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए अथवा ग्राम में एक अधिकृत (licensed) शराब दुकान खोल दी जाए।
गुरुवार को भरर में आयोजित समाधान शिविर में ग्राम पंचायत उपसरपंच विजय कुमार के नेतृत्व में सौंपे गए इस आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि गांव एवं आस-पास के क्षेत्रों में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में शराब बेची जा रही है, जिससे सामाजिक वातावरण पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके कारण स्वास्थ्य समस्याएं, अपराध और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि समाज के लिए भी अत्यंत घातक सिद्ध हो रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि शासन अवैध शराब बिक्री को रोकने में अक्षम है, तो कम से कम एक वैध शराब दुकान की व्यवस्था की जाए, जिससे नियंत्रण और निगरानी संभव हो सके। यह आवेदन 29 मई 2025 को ग्राम भरर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान सौंपा गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत उपसरपंच विजय कुमार के साथ कई ग्रामीण जन उपस्थित थे। उन्होंने प्रशासन से इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।