जामगांव आर। पाटन ब्लॉक के जामगांव आर में बिहान एवं चैतन्य संस्था के संयुक्त तत्वावधान में 4.0 जेंडर कैंपेन का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में जेंडर समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक कुप्रथाओं के खिलाफ सकारात्मक सोच विकसित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत बिहान की कैडर दीदियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली से हुई, जिसमें जेंडर समानता और सम्मान का संदेश उकेरा गया। इसके पश्चात गांव में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान दहेज प्रथा पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दहेज जैसी सामाजिक बुराई के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए इसे जड़ से समाप्त करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर बिहान की पीआरपी गीतांजलि एवं मंजुलता अंगारे तथा चैतन्य संस्था से ट्रेनिंग एसोसिएट प्रिया शर्मा सहित समस्त कैडर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में 4.0 जेंडर कैंपेन की विस्तृत जानकारी दी गई और सभी से जेंडर समानता, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की गई। कार्यक्रम में गांव की महिलाएं, स्वयं सहायता समूह की दीदियां एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाते हुए सामाजिक बदलाव की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया।