कुम्हारी अग्निकांड में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, CM साय ने किया 5-5 लाख मदद का ऐलान ! जिला प्रशासन देगा 4-4 लाख अतिरिक्त मुआवजा, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

कुम्हारी अग्निकांड में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, CM साय ने किया 5-5 लाख मदद का ऐलान ! जिला प्रशासन देगा 4-4 लाख अतिरिक्त मुआवजा, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

रायपुर/दुर्ग, 12 मई 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी में मंगलवार को हुए भीषण आग हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। गैस सिलेंडर ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट से लगी आग में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद इलाके में मातम और गुस्से का माहौल है।
मृतकों की पहचान अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी (20 वर्ष) और डेढ़ वर्षीय गोपिका के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्ची की मां सदमे में बेसुध हो गई, जिसे आसपास के लोगों ने संभाला।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सीएसपीडीसीएल की मुख्य बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट और अत्यधिक लोड की वजह से हादसा हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक बिजली पोल से अचानक चिंगारी निकली और आग तेजी से फैलते हुए पास के कच्चे मकान तक पहुंच गई। इसी दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। संकरे रास्तों और कच्चे मकान की वजह से राहत-बचाव कार्य में भी दिक्कतें आईं। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक चारों लोगों की जान जा चुकी थी।

घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्रति व्यक्ति 5 लाख रुपये देने की घोषणा की है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से 4 लाख रुपये अतिरिक्त सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है। इस तरह प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से ओवरलोड और बिजली लाइन की समस्या बनी हुई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और तकनीकी टीम से रिपोर्ट तलब की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *