पाटन । पाटन विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम छाटा स्थित दुर्गा मंच में विकासखण्ड स्तरीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से वातरोग, चर्मरोग, उदररोग, अर्श सहित विभिन्न रोगों के लिए निःशुल्क परामर्श एवं औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में नेत्र परीक्षण व रक्त जांच की भी विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को संपूर्ण स्वास्थ्य जांच का अवसर मिला। आयोजन में कुल 458 ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया, जो इस तरह के आयोजन की महत्ता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डुलेश्वर मानकुंवर, सभापति, जनपद पंचायत पाटन एवं विशिष्ट अतिथि कमलेश चेलक, ग्राम पंचायत छांटा तथा मनोज वर्मा, पंच, ग्राम पंचायत छांटा उपस्थित रहे। शिविर का आयोजन डॉ. दिनेश चंद्रवंशी, जिला आयुष अधिकारी, दुर्ग के मार्गदर्शन में आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से यह शिविर स्वास्थ्य सेवा की दिशा में एक सराहनीय प्रयास सिद्ध हुआ।