दुर्ग को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का दर्जा,विधायक गजेन्द्र यादव के प्रयास लाए रंग, बीसीसीआई की टीम ने शुरू की तैयारी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के बाद अब दुर्ग के पंडित रविशंकर स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
बीसीसीआई (BCCI) से दिशा-निर्देश मिलते ही निर्माण कार्य की रूपरेखा तैयार करने में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और प्रशासन जुट गया है।

विधायक गजेन्द्र यादव की पहल से मिली हरी झंडी

दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव की पहल पर BCCI ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के माध्यम से जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा। इसके बाद जिला क्रीड़ांगन समिति ने पंडित रविशंकर स्टेडियम को 33 वर्षों की लीज पर बीसीसीआई को सौंपने की स्वीकृति दे दी। इस ऐतिहासिक निर्णय से दुर्ग को न केवल नई पहचान मिलेगी, बल्कि खेल क्षेत्र में भी नई संभावनाएं जन्म लेंगी।

खेल, रोजगार और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनने से दुर्ग में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैच आयोजित होंगे। इससे न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, बल्कि होटल, ट्रांसपोर्ट, खानपान एवं अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा। स्टेडियम निर्माण और मैचों के आयोजन के दौरान स्थानीय युवाओं को रोजगार के भी भरपूर अवसर मिलेंगे।

स्थलीय निरीक्षण और निर्माण की योजना तैयार

विधायक गजेन्द्र यादव, कलेक्टर अभिजीत सिंह और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने स्टेडियम स्थल का मौका मुआयना किया। तकनीकी टीम ने गेट, एप्रोच रोड, पार्किंग, इंडोर/आउटडोर एरिया, हॉस्टल, प्रैक्टिस ग्राउंड समेत तमाम आधुनिक सुविधाओं की योजना पर काम शुरू कर दिया है। बीसीसीआई ने पेपर वर्क को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *