रायपुर। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को पाटन में भक्ति, आस्था और उत्साह का सैलाब उमड़ने वाला है। बोल बम कांवड़ यात्रा समिति, पाटन के तत्वावधान में होने वाली भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्रभर में तैयारियां ज़ोरों पर हैं। समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में यह विशाल यात्रा 28 जुलाई को पुराना बाजार पाटन से प्रारंभ होकर टोलाघाट तक जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे।सैकड़ों श्रद्धालु भगवा वस्त्र पहनकर “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ पैदल यात्रा करेंगे। इस धार्मिक आयोजन को भव्य और अनुशासित बनाने के लिए समिति द्वारा लगातार गांव-गांव में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। हाल ही में सेलूद, पतोरा, पाटन और टोलाघाट में व्यापक बैठकें संपन्न हुईं, जिनमें बड़ी संख्या में समाजजन और शिवभक्तों ने भाग लिया।
बैठकों में संयोजक श्री जितेन्द्र वर्मा ने यात्रा की रूपरेखा साझा करते हुए कहा—कांवड़ यात्रा सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान नहीं, हमारी आस्था, एकता और शिवभक्ति का प्रतीक है। यह पाटन की पवित्र परंपरा बन चुकी है। श्री वर्मा ने समस्त शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा—कांवड़ यात्रा से हम शिव भक्ति की ऊर्जा के साथ सामाजिक समरसता का संदेश भी फैलाते हैं।
इस बार की यात्रा में विशेष रूप से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भक्ति संगीत और जल संरक्षण पर भी बल दिया गया है। टोलाघाट में श्रद्धालुओं के लिए विशेष आयोजन किया जाएगा, जहां प्रसिद्ध गायिका पायल साहू की भक्तिमय प्रस्तुति यात्रा में और अधिक ऊर्जा का संचार करेगी।
बैठकों में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, भाजपा मंडल अध्यक्ष रानी बंछोर, विनोद साहू, खेमलाल साहू, निशा सोनी, दिलीप साहू, प्रवीण मढ़रिया, अमित वर्मा, भावना निषाद, चन्द्रप्रकाश देवांगन, अनुपम साहू, देवनारायण ठाकुर, विकास साहू, लवकुश निषाद सहित सैकड़ों शिवभक्त उपस्थित रहे।