सिहावा । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिहावा में रविवार को पूर्व छात्र-छात्राओं का भव्य महा मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस आयोजन को ‘संगी मिलन समारोह’ नाम दिया गया, जिसमें वर्ष 1974 से 2025 तक के कुल 52 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर यादों का अद्भुत संगम रच दिया।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैल चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों का मंच पर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। वर्तमान छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में उत्साह और उल्लास का रंग भर दिया।
सभी बैच के पूर्व छात्रों ने विद्यालय के विकास के लिए 7. 57 लाख से अधिक की राशि जुटाकर शाला प्रबंधन को दिया।
आयोजक समिति द्वारा सभी बैचों को क्रमशः मंच पर आमंत्रित कर स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की मधुर स्मृतियां साझा कीं, वहीं गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से विद्यालय के स्वर्णिम दिनों को पुनः जीवंत किया।समारोह के दौरान कई भावुक क्षण देखने को मिले, जब वर्षों बाद एक ही बेंच पर पढ़ने वाले साथी फिर से विद्यालय परिसर में मिले। गुरुओं की सीख, अनुशासन की डांट, दोस्तों की शरारतें और स्कूल के बेफिक्र दिन सभी की आंखों के सामने मानो फिर से जीवित हो उठे। पूरा वातावरण अपनत्व, nostalgia और खुशियों से सराबोर रहा। यह महा मिलन समारोह न केवल यादों का संगम बना, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा, मित्रता और विद्यालय से जुड़े आत्मीय संबंधों को भी नई ऊर्जा प्रदान कर गया।